सोनभद्र। झारखंड के बरवाडीह से त्रिवेणी एक्सप्रेस के पुनः संचालन की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह ट्रेन कोरोना काल से बंद चल रही है। सिर्फ शक्तिनगर और सिंगरौली से ही त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। कोरोना से पहले बरवाडीह से भी त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन होता था। रेल सेवा बंद होने से हजारों यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुप्त काशी सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष रविप्रकाश चौबे का कहना है कि झारखंड के बरवाडीह से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन बहाल किया जाए। इसके संचालन से झारखंड से सोनभद्र और उत्तराखंड के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी बहाल होगी। इससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र के लोगों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि बरवाडीह-गढ़वा रोड-चोपन-रेणुकूट-टनकपुर मार्ग पर त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन पुनः शुरू किया जाए। उनका कहना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और दूरदराज के क्षेत्रों के यात्रियों को रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा। बता दें कि बरवाडीह और शक्तिनगर एवं सिंगरौली तरफ से आने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस के बोगियों का जुड़ाव चोपन रेलवे स्टेशन पर होता था। इसके बाद यह ट्रेन आगे के लिए रवाना होती थी। इसी तरह डाउन ट्रेन चोपन रेलवे स्टेशन पर अलग होती थी।