ब्रह्मनगर में सड़क मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : सोनभद्र
राबर्ट्सगंज के ब्रह्मनगर में सड़क मरम्मत की मांग को लेकर रहवासियो ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान विभाग के प्रति नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की मरम्मत न होने पर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ब्रम्हनगर के मुख्य मार्ग पर आधे दूर तक ही सीसी सड़क बनाई गई है। मां वैष्णो मार्डन पब्लिक स्कूल से होते हुए घुरमा गांव की ओर जाने वाली सड़क क्षग्रिस्त होने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक छोटे बच्चें परेशान हो रहे। कहा कि सूबे की कमान संभालते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का निर्देश दिया था, लेकिन जब जिले की इकलौती राबर्ट्सगंज पालिका क्षेत्र के ब्रम्हनगर के सड़क का यह हाल है तो दुरूह-नक्सल इलाकों के सड़कों की कितनी मरम्मत कराई गई होगी।
प्रदर्शनकारियों ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द निदान नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर अपनी आवाज को इलाकाई लोग बुलंद करेंगे। इस दौरान प्रदर्शन करने वालों में राजेश गुप्ता, दीपक, नेत्रराज, मुमताज, धीरज सोनी, टिंकू श्रीवास्तव, सोनू सोनी, त्रिलोकी, आत्माराम दूबे, आलम राज, संजय, रामप्यारे आदि रहे।