सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह ने बृहस्पतिवार को राबर्ट्सगंज पुनर्गठन पेयजल परियोजना का आकस्मिक निरीक्षण किया। नगर वासियों को पीने के लिए पानी को फिल्टर किए जा रहे सिस्टम का जायजा लिया। उसके बारे में संबंधित जेई से आवश्यक जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि लोगों को पीने के लिए पानी को बेहतर तरीके से शुद्ध किया जाय। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें। जिन मुहल्लों या घरों में कनेक्शन की जरूरत हो, उनको कनेक्शन देकर पीने के लिए पानी सुलभ कराया जाय। डीएम ने कहा कि पेयजल सम्बन्धी जो भी जरूरत के सामग्री की आवश्यकता है, उसे तत्काल मंगा लें, जिससे लोगों को पानी की समस्या न होने पाये। इस दौरान डीएम ने निर्देशित किया कि पेयजल परियोजना में धंधरौल बांध से जो पानी सप्लाई की जाती है, वहां के पंपों का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें, जिससे पानी सप्लाई बाधित न हो सके और आपूर्ति निरंतर बनी रहे।