शक्तिनगर। एनसीएल बीना परियोजना के कर्मचारी अनमोल तुर्की की पत्नी की बीते दिनों मौत के मामले में एनसीएल के कर्मचारियों ने मंगलवार को एनसीएल के नेहरू चिकित्सालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में जांच किए जाने के आश्वासन पर कर्मचारी शांत हुए।
पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि सोमवार पत्नी लीना तुर्की 33 वर्ष की तबीयत खराब हो गई जिसे नेहरू चिकित्सालय भर्ती कराया गया। बाद में चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। एम्बुलेंस से मरीज को ले जाते वक्त रास्ते में ही ऑक्सीजन खत्म हो गया दूसरा सिलेंडर लगाने पर पाइप लीकेज होने की वजह से वह भी राबर्ट्सगंज पंहुचते पंहुचते खत्म हो गया जिससे मरीज की हालात बिगड़ गई और कुछ देर बाद मौत हो गई। मंगलवार को संयुक्त मोर्चा के अगुवाई में नेहरू चिकित्सालय जयन्त पंहुचे कर्मचारियों ने नारेबाजी कर चिकित्सालय प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा की ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म होने की वजह से मरीज की मौत हो गई। घंटो बाद नेहरू चिकित्सालय प्रबंधन दो महीने के भीतर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।