मधुपर। गोवा कमाने गये राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा औरहवा गांव के चंदन (25) पुत्र रामधनी की शनिवार की शाम मौत हो गई। युवक का शव घर भेजने में गोवा प्रशासन ने असमर्थता जताई है। मृतक का वहीं दाह संस्कार करके अस्थिकलश घर लाया जाएगा। वहीं घरवालों को इसका अफसोस है कि वह मौत के पश्चात भी चंदन को नहीं देख पाएंगे।
बहुहरा औरहवा गांव के रामधनी के मुताबिक उनका लड़का चंदन परिवार की रोजी-रोटी के लिए दो माह पहले गांव के दिलीप कोल, सुनील कोल, रामआशीष और अशोक कुमार निवासी पगिया के साथ गोवा कमाने गया था। सभी दक्षिण गोवा स्थित वरुण वेड रेड प्राइवेड लिमिटेड कंपनी में काम करते थे। पिता का कहना है कि चंदन तीन-चार दिन से बीमार चल रहा था। लॉकडाउन के चलते वहां उसका बेहतर इलाज नहीं हो सका। बीमारी की वजह से ही शनिवार की शाम को उसकी मौत हो गई।
लड़के की मौत की खबर सुन व्यथित पिता ने पुत्र के आखिरी दर्शन के लिए गोवा से शव लाने के लिए राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस के साथ घोरावल विधायक अनिल मौर्या व उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने गोवा प्रशासन से उक्त के संबंध में गोवा प्रशासन से वार्ता की। लेकिन गोवा प्रशासन ने मृतक का शव घर भेजने में असमर्थता जता दी। वहीं प्राइवेट वाहन चालक चंदन का शव घर पहुंचाने के एवज में एक लाख रुपये मांग कर रहे है।
पिता का कहना है शव लाने के लिए वह इतनी बड़ी रकम नहीं दे पायेगा। इसलिए अब चंदन का अंतिम संस्कार उसके साथ गये लोग की गोवा में करेंगे। इसके बाद वहां से अस्थिकलश गांव लाया जाएगा। मृतक के दो संतानों में एक तीन साल का लड़का और आठ माह की बच्ची है। घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनका कहना है वह आखिरी बार चंदन को नहीं देख पाएंगे, इसका मलाल उन्हे जीवर भर रहेगा।