सोनभद्र। कोरोना संक्रमित एक और व्यक्ति की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई है। चौबीस घंटे के दौरान जिले में 33 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में पाजिटिव मिले लोगों की संख्या 4285 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 27 मरीज इलाज के बाद शुक्रवार को स्वस्थ घोषित किए गए। अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 4018 हो गई है। शुक्रवार को 33 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 202 हो गए हैं। इसकी पुष्टि प्रभारी सीएमओ डा. सलिल कुमार ने की है।
उधर, चिकित्सकों की टीमें शुक्रवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। शुक्रवार को 1763 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। इसके अलावा शुक्रवार को 1762 लोगों की रिपोर्ट भी आई। जिसमें 33 पाजिटिव और 1729 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 185929 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 184409 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 4285 पाजिटिव और 180124 निगेटिव मिले हैं। संक्रमित मरीजों में से 65 की मौत हो चुकी है। जिसमें से 23 की मौत सोनभद्र और 42 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। शुक्रवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।