कोन (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के कोन हरिजन बस्ती निवासी एक युवक की कुश्ती लड़ने के दौरान लगी चोट की वजह से मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार (25) शनिवार की दोपहर में कुश्ती खेलने हरिजन बस्ती स्थित पांडू नदी पर गया था। वहां साथियों के साथ कुश्ती के दौरान उसे चोट लग गई थी। घर पहुंचकर वह रात में सोया था। रविवार की भोर में उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन घर वाले डॉक्टर के पास ले गए। स्थिति गंभीर देख डॉक्टर ने बाहर ले जाने की सलाह दी। मगर कुछ ही समय बाद मनोज की मौत हो गई।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया शनिवार की रात में मनोज अपने घर में सोया था। सुबह भाई संतोष जगाने गया। स्थिति गंभीर देख अस्पताल ले गया, जिसे डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।