सिंगरौली। बुधवार को शाम को 58 लाख रुपये मुआवजा का चेक मिलने के बाद दो शवों का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में कर दिया गया। इन शवों को पहले परिजनों ने मुआवजा आदि की मांग को लेकर लेने से इंकार कर दिया था।
ज्ञात हो, बीते शुक्रवार की शाम सासन इलाके में स्थित रिलायंस समूह के पावर प्लांट का राख बांध टूट गया था। बांध से निकली राख व पानी के जद में आने से छह लोग लापता हो गए थे। तलाश के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों के शव को पुलिस ने मलबे से बरामद कर लिया था। शव बरामदगी के बाद परिवार के लोगों ने छह साल के मासूम अभिषेक पुत्र भैयाराम व दिनेश पुत्र बिसाहू लाल का शव लेने से इंकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि जब तक मुवावजा के साथ घर आदि के नुकसान की क्षति की भरपाई नहीं होगी तब तक वह शव नहीं लेंगे। इसके बाद दोनों के शवों को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया था।
प्रशासन, पावर प्रबंधन व जनप्रतिनिधियों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद बुधवार को बात बन पाई। इसके बाद सिंगरौली विधायक रामलल्लू वैश्य ने पावर प्लांट प्रबंधन की तरफ से दिया गया 58 लाख रुपये का चेक परिवार के लोगों को सौंपा। इसके बाद शवों को परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए ले गए। शाम पांच बजे के करीब पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। बैढ़न के नगर निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि अन्य लापता लोगों की तलाश बुधवार को भी जारी रही लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।