सोनभद्र/केकराही। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गौरी निस्फ गांव में बृहस्पतिवार की रात युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव घर से 400 मीटर दूर नाले में पड़ा हुआ था। युवक के सिर, हाथ, पैर और कमर पर गहरी चोट है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
युवक की पहचान अमित कुमार सिंह उर्फ राजा (25) पुत्र संगम सिंह के रूप में हुई है। अमित बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे बिना कुछ बताए घर से निकला था। उसका किसी से विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक, वह अपनी दादी के साथ नए घर में सोता था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पुराने घर में ही रहते थे। ऐसे में रात को वह कब और कहां गया, किसी को नहीं पता। सुबह ग्रामीणों ने घर से 400 मीटर दूर नाले के किनारे शव देखकर शोर मचाया तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। युवक के हाथ-पैर व सिर में गंभीर चोट के साथ ही कमर पर घसीटने के निशान मिले हैं। सूचना पर सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी, कोतवाल सतेंद्र सिंह और हिंदुआरी चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ पहुंचे। परिजन पास के ही कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सीओ ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कार्रवाई की जा रही है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों की शंका के आधार पर गांव के कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।