ओबरा थाना अंतर्गत बिल्ली गांव मोड़ के समीप सोमवार को एक युवक का संदिग्ध हाल में शव पाया गया। उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं। युवक रविवार की रात दोस्तों के साथ घर से निकला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया।
बिल्ली गांव निवासी कैलाश का पुत्र धीरज (20) रविवार की रात कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह नहीं लौटा। सोमवार की सुबह गांव के मोड़ पर स्थित एक मकान के सामने लगे शटर के पास धीरज मृत हाल में पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस से लौटने के बाद परिजनों व आसपास के ग्रामीणों ने शव को घटनास्थल पर रखकर चोपन-ओबरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाते हुए किसी तरह जाम को समाप्त कराया। मृतक के पिता कैलाश ने आरोप लगाया कि दोस्तों ने ही उनके पुत्र की हत्या की है। मृतक के पिता के आधार पर पुलिस ने बिल्ली गांव के ही कुछ युवकों से हिरासत में लिया है। घटना को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। शाम को एएसपी विनोद कुमार ने मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया।
ओबरा चोपन मार्ग बिल्ली गांव के मोड़ पर शव मिलने पर लगी भीड़।- फोटो : SONBHADRA