वन क्षेत्र दुद्धी के जंगलों में एक बार फिर से कब्जा बढ़ने लगा है। दुम्हान गांव के जंगल में कई आदिवासी महिलाओं ने झुग्गी-झोपड़ी डाल लिया है। वन भूमि कब्जा करने की शिकायत पर वन विभाग हरकत में आया है। मौके पर पहुंचकर सभी झोपड़ियां हटवा दी गईं। इस मामले में झोपड़ी लगाने वाले 22 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उधर आदिवासी महिलाओं ने सोमवार को पहुंच कर दोबारा झुग्गी झोपड़ी लगाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही वन कर्मियों ने महिलाओं से वन भूमि खाली करने को कहा लेकिन 15-20 की संख्या में झुग्गी झोपड़ी में डेरा डालकर महिलाएं बैठी रहीं। वन क्षेत्राधिकारी दुद्धी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि एक सप्ताह पहले आदिवासी महिलाएं जंगलों के बीच पहुंच कर कब्जा कर रही थीं जिसे तत्काल हटवाया गया था। कब्जा करने वाली महिलाओं के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत 22 महिलाओं पर मामला दर्ज किया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी रेणुकूट मनमोहन मिश्र का कहना है कि जमीन के लालच में वनाधिकार कानून के तहत भूमि को कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आदिवासी महिलाओं का कहना है कि हम लोगों के पास जमीन नहीं है। पहले भी कब्जा करने वालों को हटाया गया है। दोबारा मय फोर्स के साथ पहुंच कर वन भूमि से कब्जा हटाया जाएगा।