ओबरा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारी के टोला रोहिनिहवा स्थित बंधी में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
एसआई कुंवर सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे ग्राम पंचायत पनारी के चौकीदार ने स्थानीय थाने में सूचना दी कि एक व्यक्ति का बंधी में उतराया शव मिला है। सूचना पर पहुंचे एसआई ने गांव वालों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बंधी से बाहर निकलवाया। शव देखकर आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर था। अक्सर गांव में घूमता-फिरता रहता था। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।