शक्तिनगर। थाना क्षेत्र अंतर्गत बोट पॉइंट के पास रिहंद जलाशय में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। काफी प्रयास से उसे जलाशय से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पीडब्ल्यूडी मोड़ निवासी नियामत अली का पुत्र शाहिद अली (13) रिहंद जलाशय के बोट पाइंट गया था। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में वह रिहंद जलाशय में डूब गया। आनन-फानन पुलिस को सूचना देते हुए परिजन जलाशय पहुंचे। बच्चे को पानी से बाहर निकाल संजीवनी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।