म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल ग्राम पंचायत में शनिवार को एक वृद्ध का शव नदी में मिला। वह शुक्रवार से ही लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल ग्राम पंचायत के छटंगवा नदी में डूबने से रामधन (70) की मौत हो गई। मृतक रोजाना की भांति पशु चराने के लिए शुक्रवार की दोपहर में जंगल की ओर गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा। परिजन उसकी खोज में लगे हुए थे। मृतक के पुत्र शिवसंपत ने सबसे पहले अपने पिता काे नदी में औंधे मुंह पड़े हुए देखा। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे म्योरपुर थाने के एसआई उमाशंकर सिंह ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। वृद्ध किन परिस्थितियों में नदी में गिरा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।