जौनपुर जिले में 11 सितंबर से लापता 70 वर्षीय विनोद का शव उनके घर के गेस्ट रूम में मिला। कई दिन पुराना शव होने से दुर्गंध आ रही थी। वहीं लखनऊ से घर पहुंचे बेटे ने हत्या की आशंका जताई है।
जौनपुर जिले में केराकत कोतवाली क्षेत्र के बेहड़ा गांव में चोरी के दौरान मारपीट में 70 वर्षीय वृद्ध की हत्या किए जाने की आशंका से सनसनी फैल गई। 11 सितंबर की रात से लापता विनोद सिंह (70) का शव शुक्रवार को घर के गेस्ट रूम में सड़ी-गली हालत में मिला। कई दिन पुराना शव होने से कमरे से तेज दुर्गंध उठ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
विनोद सिंह सवारी गाड़ी पर खलासी का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, वह मानसिक रूप से भी कुछ अस्वस्थ रहते थे। उनका इकलौता बेटा अतुल सिंह लखनऊ में परिवार के साथ रहता है। अतुल के अनुसार, 11 सितंबर की रात से पिता का पता नहीं चल रहा था। उनकी तलाश की जा रही थी।
विज्ञापन
18 सितंबर को अतुल गांव स्थित घर पहुंचे तो अंदर तेज दुर्गंध महसूस हुई। आसपास के लोगों ने किसी जानवर के मरने की आशंका जताई। इसके बाद घर की सफाई कराई गई। सफाई के दौरान गेस्ट रूम में विनोद का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अतुल ने गांव के ही एक युवक और उसके साथियों पर चोरी के दौरान पिता के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।