जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने गाजीपुर और जौनपुर जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी करके 20 सितंबर तक समर्थ पोर्टल पर प्रवेश के लिए छात्रों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति के आदेश पर प्रवेश के लिए पंजीकरण के लिए विश्वविद्यालय का पोर्टल 20 सितंबर तक के लिए सक्रिय कर दिया गया है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं का डेटा समर्थ पोर्टल पर सावधानी से भरा जाए। महाविद्यालय के प्राचार्य छात्रों के प्रवेश के समय फॉर्म भरते समय छात्र/छात्रा का नाम (नाम एवं स्पेलिंग, हाईस्कूल के अंक पत्र, प्रमाण पत्र के अनुसार), माता एवं पिता का नाम, जन्म तिथि, जेंडर, फोटो अपलोड कराएं। पाठ्यक्रम और विषयों का चयन कर सही भरवाएं। समर्थ पोर्टल पर डेटा अपलोड होने के बाद किसी भी प्रकार का कोई परिवर्तन या संशोधन संभव नहीं है। स्नातक स्तर पर जिन छात्र-छात्राओं की अपार आईडी नहीं बन सकी है, उनके लिए भी समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करके प्रवेश ले सकते हैं।