म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के लिलासी गांव में मंगलवार की सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला। मृतक की पहचान कुदरी गांव निवासी हीरालाल (30) पुत्र रामसुंदर के रूप में हुई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार हीरालाल सोमवार की रात अपने किसी दोस्त को लेने के लिए म्योरपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन मोबाइल पर बात नहीं हो सकी। सुबह ग्रामीणों ने कुदरी-लिलासी मार्ग पर उसे लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हीरालाल को एम्बुलेंस के जरिए म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। अस्पताल से मिली सूचना के बाद म्योरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। थानाध्यक्ष रामदरस राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।