हाथीनाला थाना क्षेत्र के गड़दरवा के पास जंगल में सोमवार को एक युवक का शव मिला। वह पिछले दस दिन से लापता था। क्षत-विक्षत शव पर जख्म के कई निशान भी मिले हैं। युवक की बाइक घटनास्थल से छह किमी दूर एक घर के पास से बरामद हुई है।
परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए बीएचयू भेजा है। दुद्धी के मनबसा गांव निवासी दिनेश कुमार (24) गत 26 दिसंबर की रात करीब आठ बजे घर से अपनी बाइक लेकर गड़दरवा गांव के लिए निकला था।
उसका इस गांव में अक्सर आना-जाना लगा रहता था। अगले दिन 27 दिसंबर को दोपहर तक परिजन युवक से संपर्क के लिए लगातार फोन करते रहे, मगर कोई जवाब नहीं मिल रहा था। उसके बाद से मोबाइल भी बंद हो गया।
दिनेश की बाइक गड़दरवा गांव निवासी एक व्यक्ति के घर के समीप मिली। दिनेश के पिता शिवकुमार ने काफी खोजबीन के बाद एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गड़दरवा गांव के कुछ लोगों पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई।
एसपी के निर्देश पर हाथीनाला पुलिस ने गांव निवासी चंदर, उसकी पत्नी, विजय सिंह गोंड, देव सिंह, मनोज, विजय गुप्ता, देव सिंह सहित सात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस युवक की तलाश में जुटी थी।
इस बीच सोमवार की सुबह बीट चौकीदार ने दुद्धी-हाथीनाला मार्ग से करीब दो सौ मीटर अंदर पगडंडी के किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव देखा। शव पर मौजूद कपड़ों व जूते से शिनाख्त परिजनाें ने दिनेश के रूप में की।
दिनेश का शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथीनाला थाना पहुंच कर हत्या का आरोप लगाने लगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर सीओ दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल, सीओ ओबरा हर्ष पांडेय, थानाध्यक्ष चोपन विजय चौरसिया, हाथीनाला एसओ भैया एसपी सिंह, दुद्धी कोतवाल मनोज कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां से फॉरेंसिक परीक्षण के लिए बीएचयू भेज दिया गया।
वर्जन...
दिनेश का गड़दरवा गांव निवासी युवती के घर आना-जाना था। युवती के ही परिवारवालों पर दिनेश के पिता ने केस दर्ज कराया था। पुलिस हर पहलू पर घटना की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। शीघ्र ही घटना का अनावरण किया जाएगा। -कालू सिंह, एएसपी मुख्यालय।