बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिरबुढवा गांव में आम के पेड़ की डाल में बंधे फंदे के सहारे 32 वर्षीय इंद्रदेव यादव का शव लटकते हुए मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामला आत्म हत्या का मानकर जांच कर रही है।
बभनी थाने के एसएस आई संजय कुमार पाल ने परिजनों से पूछताछ में मिली जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि इंद्रदेव यादव (32) पुत्र टुकमन यादव निवासी अहिरबुढ़वा सोमवार को रात में परिवार तथा बच्चों के साथ खाना खाकर सोने चले गये। जब पत्नी अपने बच्चों के साथ गहरी नींद में सो गई तो इंद्रदेव उठे और घर से बाहर निकल कर करीब 10 मीटर की दूरी पर आम के पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह जब लोग सोकर उठने के बाद बाहर निकले तो पेड़ से लटकते शव को देखकर दंग रह गये। परिजनों ने चिखना चिल्लाना शुरू किया तो पास पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गये। घटना की सूचना बभनी पुलिस को परिजनों ने दी। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर श्रीकांत यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया। उन्होंने बताया कि पिता टुकमन यादव की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का मानकर जांच की जा रही है।