केकराही। करमा थाना क्षेत्र के खैराही रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा में पोल नंबर 108 के पास रेलवे ट्रैक पर बुधवार की रात में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस ने मालगाड़ी से कटकर मौत होने की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार, मालगाड़ी के लोको पायलट ने रात करीब दस बजे खैराही रेलवे स्टेशन के अधीक्षक राजमणि सारस्वत को सूचना दी। स्टेशन अधीक्षक ने आरपीएफ चुर्क को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। जीआरपी चौकी पर कोई इंचार्ज न होने के कारण मिर्जापुर से जीआरपी के लोग बृहस्पतिवार की सुबह आए। ऐसी स्थिति में रात भर शव को स्टेशन पर ही रखना पड़ा। पंचनामा के बाद बृहस्पतिवार की सुबह शव मोर्चरी ले जाया गया। रेलवे पुलिस चुर्क के इंचार्ज ओमप्रकाश ने बताया कि जो शव बरामद हुआ है उसकी गर्दन कटी हुई है। उम्र करीब 50 वर्ष है। पहचान के लिए शव रखा गया है।