क्षेत्र के ग्राम पंचायत घघरा के महलपुर गांव में शनिवार को कच्चे मकान में आग लग गई। घटना में लड़की की शादी के लिए रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
घघरा ग्राम पंचायत के महलपुर गांव निवासी बबलू गोंड शनिवार को बभनी बाजार गया हुआ था। परिवार के लोग घर में थे। धुंआ उठते देखकर लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश शुरू हुई, मगर कुछ ही देर में पूरा घर आग की चपेट में आ गया। घर की छत लकड़ी से बनी हुई थी। आग से छत पूरी तरह क्षति पहुंची है। केवल मिट्टी की दीवार बची है।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया था। बबलू के मुताबिक सात मई को बेटी की शादी थी। इसके लिए कपड़ा, गहने, अनाज, तेल, राशन, बिस्तर आदि खरीदा गया था। सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया।
गृहस्थी के अन्य सामान भी जल गए। पीड़ित के मुताबिक आग लगने से लगभग तीन लाख रुपये का सामान जला है। अब बेटी की शादी के लिए सामान खरीदने के रुपये तक नहीं है। जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता किए जाने की मांग की गई है।