सोनभद्र/घोरावल/अनपरा। कोरोना वायरस के चलते इस बार सावन मास के दौरान शिवालयों में उन्हीं भक्तों को दर्शन मिलेगा जो मास्क पहनकर आएंगे। शिवालयों में एक बार में पांच व्यक्ति ही सामाजिक दूरी का पालन करते हुए आराधना कर सकेंगे। श्रावण माह के पहले सोमवार को भी ज्यादातर श्रद्धालुओं ने घरों में ही पूजा अर्चना करने का मन बना लिया है। प्रशासन ने श्रावण मेला और कांवर यात्रा स्थगित कर दी है। वहीं मंदिरों में दर्शन पूजन के नियम सख्त कर दिए हैं। कोरोना महामारी के चलते मंदिरों में श्रद्धालुओं का आवागमन बहुत कम हो गया है।
राबर्ट्सगंज से पांच किलोमीटर की दूरी पर चुर्क रौप पहाड़ स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर, बरैला गांव स्थित अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर और गौरीशंकर मंदिर, सोभनाथ मंदिर, विरेश्वर महादेव मंदिर के साथ अन्य शिवालयों में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए भक्त मास्क लगाकर दर्शन पूजन कर सकेंगे। इसके लिए प्रशासन की तरफ से मंदिर समिति तथा संबंधित थाना प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी किया गया है। घोरावल: शिवद्वार स्थित उमामाहेश्वर मंदिर से रविवार को सन्नाटा पसरा रहा। कांवर यात्रा न निकलने से दुकानें भी बंद रहीं।
अनपरा: शिव मंदिर समिति के सचिव आरएन तिवारी ने बताया कि भक्तों को सामाजिक दूरी के साथ दर्शन करना पड़ेगा। मंदिर में मास्क पहने बिना किसी भी भक्त को मुख्य द्वार के भीतर प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। पिपरी के क्षेत्राधिकारी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के सभी शिवालयों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर में पांच से अधिक भक्त एक बार में प्रवेश नहीं करेंगे।