डाला। नवसृजित नगर पंचायत डाला का स्थायी कार्यालय निर्माण 1.5 करोड़ की लागत से किया जाएगा। शासन स्तर से कार्यालय निर्माण के लिए धन जारी कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि अभी जमीन की तलाश नहीं हो सकी है।
डाला नगर पंचायत के प्रभारी अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी नगर पंचायत कार्यालय का संचालन अस्थाई तौर पर चल रहा है। लंबे समय से नगर पंचायत कार्यालय का स्थायी भवन निर्माण कराये जाने के साथ कर्मचारियों की नियुक्ति करके नगर में विकास कार्यों के कराये जाने की मांग की जा रही थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए शासन से नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण के लिए धन जारी किया गया है। बताया कि एक करोड़ पांच लाख रुपये की लागत से कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। कार्यालय के लिए अभी जमीन की तलाश किया जाना है। शासन स्तर से कार्यालय निर्माण के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। पंचायत चुनाव की मतगणना के पश्चात कार्यालय के लिए जमीन की तलाश शुरू की जाएगी।