राबर्ट्सगंज बढ़ौली शिव सरोवर तालाब पर छठ पूजन वेदी बनाते लोग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। नहाय-खाय के साथ सूर्योपासना का चार दिनी महापर्व छठ बुधवार से शुरू हो गया। कपड़ा और शृंगार के अलावा फलों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालु छठ घाटों पर वेदी बनाने और आस-पास साफ-सफाई करने में जुटे रहे। नगर निकायों की तरफ से छठ घाटों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। महिलाओं ने शाम को लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का सेवन किया। बृहस्पतिवार को महिलाएं पूरे दिन व्रत रहकर शाम को खीर खाएंगी। नगर पालिका परिषद सोनभद्र की तरफ से राबर्ट्सगंज नगर स्थित रामसरोवर तालाब, अकड़हवा पोखरा और घुवास खुर्द नहर स्थित छठ घाटों के आस-पास की सफाई कराई जा रही है। साफ सफाई के कार्य में 30 सफाईकर्मियों को लगाया गया है। इसके अलावा बढ़ौली पोखरा, सिरपालपुर, धरनीपुर, बरकरा गांव स्थित पोखरा, मेहुंदी गांव स्थित तालाब और देवरी कला गांव में छठ घाटों पर लोग साफ-सफाई कर वेदी बनाने में जुटे रहे। वहीं, बाजार में छठ पूजा के लिए लोगों ने सूप, दउरी, करवा, दीया और मौसमी फलों की खरीदारी की। कपड़े और शृंगार की दुकानों में महिलाएं मनपंसद की साड़ी आदि खरीदने में जुटी रहीं। इससे बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ रही। छठ पूजा कर रहीं शीला, रमावती, प्रमिला, सीमा, सुनीता आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शाहगंज रजवाहा में शीघ्र पानी छोड़े जाने की मांग की है। ताकि श्रद्धालु पानी में खड़े होकर छठ पूजा कर सकें। चोपन: सोन नदी के तट पर बनाए गए छठ घाट पर नगर पंचायत के कर्मचारी साफ-सफाई में जुटे रहे। श्रद्धालुओं की तरफ से व्रती महिलाओं के पूजन के लिए टेंट लगवाए जा रहे हैं। साथ ही प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है। श्रद्धालु पूरे दिन व्यवस्था में जुटे रहे।