सोनभद्र। जिले के नवसृजित नगर पंचायत डाला और अनपरा में विकास को गति देने के लिए प्रशासन जुट गया है। सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा ने चोपन और म्योरपुर विकास खंड के बीडीओ को नगर पंचायतों में शामिल पत्रावलियों को उपलब्ध कराने का निर्देंश दिया है। अभिलेखों की प्रमाणित प्रति एवं सूची की प्रति विकास खंड कार्यालय एवं डीपीआरओ दफ्तर में सुरक्षति रखी जाएगी।
सूबे के निदेशक पंचायती राज ने डीएम को नव सृजित नगर निकायों से संबंधित सभी रिकाडर्स सूचीबद्ध कराते हुए नगर पंचायतों को हस्तगत कराने का निर्देश दिया है। साथ ही अभिलेखों की प्रमाणित प्रति एवं सूची की प्रति विकास खंड कार्यालय एवं जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में सुरक्षित रखने को कहा है। उक्त निर्देश के क्रम में सीडीओ ने म्योरपुर और चोपन बीडीओ को निर्देशित किया है कि तत्काल ऐसी ग्राम पंचायतों जो पूर्ण रूप से अथवा आंशिक रूप से नव सृजित नगर निकायों में सम्मिलित हुई है। उनसे संबंधित रिकार्ड की सूची तैयार करते हुए रिकार्ड नगर पंचायतों को हस्तांतरित करते हुए सूची की एक प्रति जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। चेताया है कि इसमें किसी भी प्रकार का विलंब न किया जाए। इस संबंध मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा का कहना है कि संबंधित बीडीओ को नगर पंचायतों में शामिल गांवों के रिकार्डस देने के लिए निर्देशित किया जा चुका है।