सोनभद्र। समाज कल्याण व शिक्षा विभाग के संयुक्त संयोजन में मंगलवार को डायट परिसर में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग की छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कुल 1347 छात्राओं को राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड व दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड ने साइकिल की चाभी सौंपी।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड ने कहा कि दूरदराज से विद्यालय आने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए छात्राओं को साइकिल वितरित की गई है। यह साइकिल बेटियों के अच्छी शिक्षा पाने के सपनों को गति देगा। विधायक रामदुलार गोंड ने कहा कि साइकिल से बेटियों को स्कूल आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि कक्षा-6, 9 व 11 में पंजीकृत एससी-एसटी वर्ग की कुल 1400 छात्राओं को साइकिल दिया जाना है। इसमें से 1347 छात्राओं को वितरण हुआ है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, बीईओ अशोक कुमार सिंह, महेंद्र मौर्य, देवमणि पांडेय, केसर सिंह, बृजबाला सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन शिक्षक आनंद त्रिपाठी ने किया।