सलखन। चोपन थाना अंतर्गत मारकुंडी मीना बाजार में रविवार की शाम साइकिल सवार बालक की नदी में गिरने से मौत हो गई। सड़क पर साइकिल फिसलने से बालक कई फीट गहरी खाई से होते हुए नदी में गिर गया।
मारकुंडी के मीना बाजार निवासी बजरंगी सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। रविवार की शाम उनका पुत्र विकास उर्फ सिपाही (12) घर से थोड़ी दूर पर साइकिल चला रहा था। शाम की करीब सात बजे सड़क पर किचड़ के कारण उसकी साइकिल फिसल गई। वह अनियंत्रित होकर साइकिल समेत खाई में होते हुए घाघर नदी में चला गया। आनन-फानन लोग वहां पहुंचे और बालक को किसी तरह बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विकास दो भाइयों में बड़ा था। पिता बजरंगी सीआरपीएफ में हैं। उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश में हैं। बेटे के मौत की सूचना पाकर वह घर के लिए रवाना हो गए।