शाहगंज। इलाहाबाद बैंक शाहगंज से संबद्ध ग्राहक सेवा केंद्र (बिजनेस करेस्पांडेंट प्वाइंट) सलैया के संचालक पर खाताधारकों ने करीब दस लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया। सोमवार को 10 से अधिक उपभोक्ता पहले पुलिस चौकी और फिर बैंक पहुंचे। ग्राहकों ने जानकारी दी कि उनके रुपये संचालक ने जमा नहीं किए, लेकिन जमा करने की फर्जी रसीद उन्हें दे दी थी।
धाताधारकों चंद्रावती, गीता, पुष्पा, राजेंद्र, दुर्गावती, मायावती, पार्वती, अर्जुन, गीता, राजवंती, बिहारी, संगीता, अनीता आदि ने बताया कि एक महीने पूर्व संचालक ने जमा रुपये की इंट्री कर ग्राहकों को पासबुक दे दिया था। जब वे लोग कुछ दिनों बाद निकालने पहुंचे तो पता चला कि खाते में पैसे हैं ही नहीं। धीरे-धीरे बैंक के अन्य ग्राहकों को भी इसकी जानकारी हुई तो लोग खाता चेक कराने लगे तो यह मामला सामने आया। सोमवार को उपभोक्ताओं ने शाहगंज पुलिस चौकी में शिकायती पत्र दिया। बैंक प्रबंधक रोमा देवी ने बताया कि प्रकरण से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। कुछ लोगों के पैसे खाते में जमा हुए हैं। करीब दस लाख रुपये अभी और ग्राहकों के खातों में जमा कराना है। पूर्व में भी इलाहाबाद बैंक दुरावल खुर्द से संबद्ध इनम गांव में भी संचालक ने लाखों रुपये का गबन किया था।