जिला अस्पताल में पांच दिन से सीटी स्कैन का काम ठप हो गया है। मशीन में आई खराबी के कारण यह दिक्कत आई है। ऐसे में सीटी स्कैन के लिए आने वाले मरीज भटक रहे हैं। उन्हें महंगे दामों पर बाजार में सीटी स्कैन कराना पड़ रहा है।स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों की उदासीनता से जिला अस्पताल में मरीजों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही। एक ओर जहां अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट के न होने के कारण चार माह से अल्ट्रासाउंड की सेवा ठप है तो दूसरी ओर पीपीपी मॉडल पर संचालित सीटी स्कैन सेवा भी बंद हो गई है। करीब पांच दिनों से मशीन खराब पड़ी है।
स्वास्थ्य कर्मियों के मुताबिक सीटी स्कैन मशीन में आई तकनीकी गड़बड़ी को सुधारने के लिए शुक्रवार को एक टेक्निशियन भी बुलाया गया, मगर मशीन ठीक नहीं हो सकी। ऐसे में मरीजों के सामने जांच का संकट खड़ा हो गया है। जिला अस्पताल में रोजाना औसतन पांच सौ मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।
इनमें से करीब 40 से 60 मरीजों को चिकित्सकों की ओर से सीटी स्कैन की सलाह दी जाती है। जिले के दुरूह इलाकों से लंबी दूरी तय कर जिला अस्पताल पहुंचने वालों को पांच दिन से निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं कई ऐसे गंभीर मरीज भी हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में नि:शुल्क होने वाले सीटी स्कैन के लिए निजी सेंटरों पर डेढ़ से ढाई हजार रुपये खर्च करना पड़ रहा है।
जापान से आने हैं पार्ट्स
जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर स्थापित क्रस्ना डायग्नोस्टिक्स प्रा.लि. की सीटी स्कैन मशीन में 27 मार्च की दोपहर बाद से आई खराबी के कारण सीटी जांच प्रभावित है। स्वास्थ्य कर्मियों के मुताबिक तो मशीन का एक पार्ट खराब हो गया है, जो जापान से आना है। अगले तीन से चार दिनों में उसके आने की उम्मीद है। ऐेसे में अभी मशीन के ठीक होने की तत्काल कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। ऐसे में निशुल्क सीटी स्कैन के लिए अभी इंतजार करना होगा।
-
केस एक: शुक्रवार को मध्यप्रदेश के लमसरई गांव निवासी छविनाथ को लेकर परिजन जिला अस्पताल लोढ़ी इलात के लिए पहुंचे थे। उन्हें पेट संबंधी बीमारी थी। परिजनों ने बताया कि चिकित्सक ने सीटी स्कैन की सलाह दिया है। जब वे सेंटर पर गए तो बताया गया कि मशीन कई दिनों से खराब है। ऐसे में 70 किमी दूर अपने घर वापस जा रहे हैं।
केस दो:: शाहगंज थाना क्षेत्र के सठई गांव निवासी 18 वर्षीय प्रियंका शर्मा कई दिनों से बीमार चल रही हैं। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सीटी स्कैन की सलाह दी। जब वे अपने पिता के साथ जांच के लिए पहुंचीं तो सीटी स्कैन मशीन खराब होने का हवाला देते हुए बाद में आने की बात कही गई।
वर्जन...
जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर सीटी स्कैन मशीन लगी है। कुछ दिनों पहले इस मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। सीटी स्कैन सेंटर प्रभारी से बातचीत कर इसके जल्द ठीक कराने के लिए निर्देशित किया गया है। -डॉ. अश्वनी कुमार, सीएमएस जिला अस्पताल।