वृहद रोजगार मेला में चयनित अभ्यर्थी। स्रोत सूचना विभाग
- फोटो : 1
सोनभद्र। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला सेवायोजन विभाग की ओर से विधानसभा घोरावल का वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। हिन्दुआरी स्थित आरआर पॉलीटेक्निक परिसर में आयोजित मेले में नौकरी पाने की उम्मीद लेकर युवाओं की भीड़ उमड़ी। करीब 20 कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 196 युवाओं को नौकरी का अवसर मिला। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों ने प्रतिभाग किया। इनमें हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (विजन इंडिया), फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल, टाटा मोटर्स (क्रॉस कार्प), आईसीआईसीआई बैंक (एनआईआईटी), एलएंडटी (सर्विस केयर), उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज), अनपरा ताप विद्युत परियोजना और सीपेट वाराणसी सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। मेले में करीब 1200 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराकर नौकरी के लिए अपनी दावेदारी पेश की। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और साक्षात्कार के आधार पर विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद 196 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य मौजूद रहे। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ आरआर पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य, जिला सेवायोजन अधिकारी और पॉलीटेक्निक संस्थान एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।