अनपरा नगर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए फर्राटा भरते वाहन। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
अनपरा। यातायात माह शुरू होने के बावजूद अनपरा नगर पंचायत के 25 वाहन बिना वैध फिटनेस और इंश्योरेंस के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, इनमें कई वाहनों की फिटनेस और इंश्योरेंस की अवधि एक से दो साल पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद इनका संचालन जारी है। इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली के साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर भी सवाल उठ रहे हैं। नगर पंचायत के पास सफाई और अन्य कार्यों के लिए कुल 38 वाहन हैं। इनमें 21 टीपर, छह ट्रैक्टर, दो ट्रॉली, दो जेसीबी, दो स्वीपिंग मशीन, एक वाटर स्प्रिंकलर, दो स्काई लिफ्ट, एक सीवर सेक्शन मशीन और एक कूड़ा उठाने वाला कॉम्पैक्टर शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नए वाहनों को छोड़कर शेष वाहनों की फिटनेस और इंश्योरेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, व्यावसायिक वाहनों के लिए वैध फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य है। इसकी अवधि समाप्त होने के बाद वाहन का संचालन नियमों के विरुद्ध है। परिवहन विभाग के अनुसार, व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच में इंजन, ब्रेक, स्टीयरिंग, लाइट, सस्पेंशन, वायरिंग और प्रदूषण स्तर समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाती है। समय पर जांच नहीं होने से वाहनों में तकनीकी खराबी की आशंका बनी रहती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना वाहन चलाना मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले आम वाहनों के खिलाफ चालान और सीज करने की कार्रवाई की जाती है। ऐसे में नगर पंचायत के वाहनों के संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यातायात उपनिरीक्षक उमेश वर्मा ने बताया कि हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान किया जा रहा है। बिना वैध फिटनेस और इंश्योरेंस के वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।