घोरावल। श्री महाविघ्नेश्वर पूजा समिति के संयोजन में श्री रामेश्वर रामलीला मंच पर चल रहे श्री गणेश पूजनोत्सव में सोमवार की रात श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान श्री गणेश, माता महालक्ष्मी और मां सरस्वती की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पंडाल पहुंचे। पंडाल में मां विंध्यवासिनी और उमामहेश्वर की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। शाम को आरती के दौरान देवी-देवताओं के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। नगर को आकर्षक झालरों और विद्युत सजावट से सजाया गया है। सोमवार रात क्षेत्रीय लोकगीत कलाकारों ने अपनी टीम के साथ भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। समिति अध्यक्ष एवं विहिप के विभाग मंत्री राजीव कुमार ने श्रद्धालुओं से पूजनोत्सव में शामिल होने की अपील की। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक शिप्पू अग्रहरि और व्यवस्थापक शुभम कुमार लाला जय प्रकाश सेठ, बाबूलाल शर्मा, वैभव, विवेक, दिव्यांश अग्रहरि, वेदांश उमर, शिवम, राहुल गुप्ता, जय, कार्तिकेय, राजा, गुड्डू, रिंकी, मधु, श्रेया, लवली, अनुष्का आदि मौजूद रहे।