रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चोरी की तीन बाइक बरामद की है। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस अन्य साथियों की भी तलाश में जुट गई है।
कोतवाली परिसर में सीओ सिटी डॉ. चारू द्विवेदी ने बताया कि रविवार की शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरेबंदी कर दो चोरों को रेलवे स्टेशन रोड से पकड़ा। वह सफेद रंग की अपाचे बाइक से नगर की ओर आ रहे थे।
पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर वापस भागने लगे थे। उनके पास मौजूद बाइक चोरी की थी। पूछताछ में उनकी पहचान चोपन निवासी दीपक यादव और अजीत पाल के रूप में हुई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य पल्सर भी बरामद किया।
पकड़े गए चोरों ने पुलिस को बताया कि चोरी की बाइक बेचकर आपस में पैसे बांट लेते हैं। वह मिर्जापुर, वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली से बाइक चोरी करते थे। कभी बाइक ही बेच देते थे तो कभी इसके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचते थे।
दोनों पूर्व में भी बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद फिर से इसी काम में लग गए। पुलिस टीम में रॉबर्ट्सगंज कोतवाल सत्येंद्र राय, कस्बा चौकी प्रभारी कमल नयन दुबे, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार, सतीश पटेल, कांस्टेबल मदन कुमार, अजीत कुमार आदि रहे।
दस दिन पहले नौगढ़ से चुराई थी बाइक
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि अपाचे बाइक को 10 दिन पूर्व चंदौली जिले के नौगढ़ से, सोनभद्र नंबर की पल्सर को एक सप्ताह पूर्व चंदौली के चकरघट्टा और मिर्जापुर नंबर की पल्सर को 20 दिन पहले खैराही के पास से चोरी किया था।
तीनों बाइकों को वे सब बेचने की फिराक में थे। बताते हैं कि दोनों आरोपियों को चोपन पुलिस ने दिसंबर 2023 में चोरी की 11 बाइकों के साथ पकड़ा था। उस समय गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार हुए थे। उनकी निशानदेही पर छह बाइक बरामद हुई थी।