एसपी शिवशंकर यादव के निर्देश पर एक सप्ताह पूर्व संविदा लाइनमैन रमेंद्र की हत्या का गुरुवार को पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया। पुलिस के मुताबिक लाइनमैन की हत्या प्रेम प्रपंच में गला दबाकर की गई थी।
सर्विलांस के जरिए मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार की सुबह पुलिस ने हत्यारोपियों चोपन गांव निवासी श्याम लाल यादव पुत्र सीताराम यादव और सोनू यादव पुत्र रामा यादव को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया।
चोपन थाने के एसओ रविंद्र भूषण मौर्य के अनुसार चोपन गांव निवासी संविदा लाइनमैन रमेंद्र पुत्र कुलदीप चौधरी को 25 जून की रात में गांव के ही श्याम लाल यादव और सोनू यादव ने लाइन ठीक कराने के बहाने बुलाया था।
जब वह पहुंचा तो प्रेम प्रपंच में दोनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव के ही एक कुएं में फेंक दिया। इस मामले में 27 जून को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
30 जून को गांव के ही कुएं में संविदा कर्मी रमेंद्र की लाश उतराई मिली। उन्होंने बताया कि हत्यारोपियों की निशानदेही पर मृतक की साइकल को कुएं से और दो मोबाइल सेट झाड़ी से बरामद कर लिया गया।