चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा-कोटा मार्ग पर हादसे के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया
चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा-कोटा संपर्क-मार्ग पर बालू लोड करने जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रविवार को साइकल सवार बालक को धक्का मार दिया, जिससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस वाकये के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर अंशु (13) को चोपन सीएचसी भेजा।
करीब डेढ़ घंटे बाद जाम छूटा तब जाकर यातायात सुविधा बहाल हुई। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा मार्ग पर डहकुडंडी के समीप रविवार को सुबह 11:30 बजे अंशु पुत्र सुरेंद्र साहु निवासी डहकुडंडी साइकल से जा रहा था उसी समय विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।
इस दौरान उसकी साइकल क्षतिग्रस्त हो गई और उसे गंभीर चोटें आई। इस वाकये के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। जिसके चलते यातायात व्यवस्थ्ाा घंटेभर तक चरमरा गई।
करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर पंहुचे चोपन एसओ रविंद्र भूषण मौर्या व डाला चौकी प्रभारी बीएन यादव के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे मे लेकर थाना परिसर मे खड़ा करा लिया है।