सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के भडऱा गांव के समीप बुधवार की रात ट्रक चालकों ने चावल की बोरी चुराते वक्त एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। जबकि दूसरा युवक फरार हो गया। चालकों ने पकड़े गए युवक की पिटाई करने के बाद उसे बंधक बना लिया। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालकों की चंगुल से युवक को छुड़वाया।भडऱा गांव के समीप बने गोदाम परिसर और उसके बाहर चावल लदे कई ट्रक खड़े हैं। बुधवार की रात करीब आठ बजे एक युवक ट्रक का तिरपाल खोल कर चावल की बोरी उतारने लगा। आहट लगने पर ट्रक चालक आवाज लगाते हुए पीछे डाला के पास गया तो युवक कूदने लगा। लेकिन चालक अन्य वाहनों के चालकों के सहयोग से उसे पकड़ लिया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। चालकों ने चोरी के आरोपी को पिटाई करने के साथ ही उसे पकड़ कर गोदाम के अंदर ले गए। उधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर चालकों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद चोरी के आरोपी और उसकी बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने कहा कि हिरासत में लिए गए चोरी के आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी की तलाश की जा रही है।