एसबीआई के तत्कालीन शाखा प्रबंधक और कैशियर सहित तीन लोगों ने मृतक खातेदार के खाते से पौने दो लाख रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी होने पर खाताधारक के पुत्र ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने भी पैसा निकालने के दौरान जाली दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले युवक पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कोतवाली क्षेत्र के समापुर करेंटी रोड निवासी राजेंद्र कुमार यादव के पिता रामखेलावन यादव की मौत काफी पहले हो गई थी। उसके भाई सुरेंद्र कुमार ने जाली दस्तावेज के आधार पर पिता की मौत के बाद एसबीआई शेखपुर से अलग-अलग तिथियों में 182760 रुपये निकाल लिए।
इसकी जानकारी होने पर राजेंद्र ने बैंक में शिकायत की तो तत्कालीन शाखा प्रबंधक दीपक कुमार ने सुरेंद्र के खिलाफ जाली दस्तावेज दिखाकर रुपये निकालने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में राजेंद्र कुमार ने पैसा वापस न होने पर कोतवाली कुंडा में तहरीर देकर तत्कालीन शाखा प्रबंधक दीपक कुमार, तत्कालीन कैशियर कपिल सचान व अपने भाई सुरेंद्र के खिलाफ तहरीर देकर धोखाधड़ी, पैसे का गबन और अमानत में ख्यानत करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।