खलियारी। रायपुर थाना क्षेत्र के नगवां ब्लॉक मुख्यालय के पास सोमवार की शाम करीब चार बजे दो बाइकों की आमने- सामने की टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक सवार की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। रायपुर थाना क्षेत्र के नरउज गांव निवासी महेंद्र मिश्रा (45) व ओमप्रकाश मिश्रा (46) मोटर साइकिल से राबर्ट्सगंज की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान तेलाड़ी गांव में नगवां ब्लाक मुख्यालय के पास अज्ञात मोटर साइकिल से उनकी बाइक टकरा गई। इस टक्कर में महेंद्र मिश्रा व ओमप्रकाश मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने ओमप्रकाश मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। जबकि महेंद्र मिश्र को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उधर अज्ञात बाइक सवार भीड़ का लाभ लेकर वहां से भाग निकला।