सोनभद्र (रामगढ़ )। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के गड़वान गांव स्थित बंधी में मछली मारने गए सोमारू(32) की डूबने से मौत हो गई। सोमवार की शाम को शव बंधी से बरामद हुआ।
सोमारू अपने दोस्तों के साथ शनिवार को दोपहर में मछली मारने के लिए बंधी में गया था। मछली मारते समय गहरे पानी में चले जाने की वजह से वह डूब गया। डूबते समय उसके साथियों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग वहां पहुंचे सोमारू डूब गया था। इसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से बंधी में काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार की शाम को करीब 48 घंटे बार शव बंधी में उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।