तमकुहीराज। कुश्ाीनगर के पटहेरवा थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर बुजुर्ग स्थित शांति सागर एवं हनुमान मंदिर के संस्थापक महंत के निधन के बाद मंगलवार को निकली उनकी अंतिम यात्रा के दौरान हरपुर बेलही गांव में मामूली सी बात पर दो वर्गों के लोग आमने-सामने हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में शव यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से फोरलेन तक लाया गया।
शांतिसागर एवं हनुमान मंदिर के महंत श्री श्री रामशरण दास उर्फ त्यागी बाबा का सोमवार की सुबह देहावसान हो गया था। मंगलवार को उनके भक्तों ने अयोध्या ले जाने से पूर्व शव यात्रा निकाली थी। भक्त रामशरण दास की अर्थी को हरपुर बेलही के रास्ते फोरलेन पर लेकर आ रहे थे। हरपुर बेलही गांव के पास रास्ते में खडे़ एक टैंपो को किसी ने किनारे करने के लिए धक्का दे दिया। टैंपो आगे खड़ी एक कार से टकरा गया। यह कार दूसरे वर्ग के एक व्यक्ति की थी। इस मामूली सी बात को लेकर वहां कहासुनी होने लगी।
विवाद देख शव यात्रा रूक गई। यात्रा के साथ चल रहे दिंवगत महंत के शिष्य लोकेश दास, रामबालक दास त्यागी, सुनील दास आदि का आरोप था कि कार चालक बेवजह उलझ गया। कहासुनी की जानकारी पर दोनों वर्गों के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उधर विवाद की सूचना किसी ने डॉयल 100 पर दी तो सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी, एसओ पटहेरवा निर्भय सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबुझ दिखाते हुए लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने अपनी देखरेख में शव यात्रा को राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचाया।
इस संबंध में पटहेरवा एसओ निर्भय सिंह का कहना है कि मामूली कहासुनी थी। समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया गया। लोकेश दास ने 10 ज्ञात एवं दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट एवं शव यात्रा में व्यवधान पैदा करने की तहरीर दी है। जांच कर कार्यवाई की जाएगी।