सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के सहदेइया बैडाड़ गांव में शनिवार को पंखे में करेंट उतरने से सूर्यमणि (32) गंभीर रूप से झुलस गया। घरवाले आनन-फानन में युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे जांच के पश्चात मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मेमो के जरिए घटना की सूचना राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे सहदेइया बैडाड़ गांव का रहने वाला सूर्यमणि अपने घर में पंखा चालू कर रहा था। उसी वक्त वह करेंट की चपेट में आकर अचेत हो गया। ग्रामीणों की सहयोग से घरवाले युवक को लेकर नजदीकी मिर्जापुर जिले के सीएचसी राजगढ़ पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने सूर्यमणि की हालत गंभीर देख उसको रेफर कर दिया। यहां से घरवाले युवक को जिला अस्पताल लोढ़ी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर मौके पर पहुंची राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाया। समाचार लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था।