डाला/दुद्धी। वन सुरक्षा दल की टीम ने मंगलवार की रात अवैध बालू लदे दो वाहनों को पकड़ कर सीज कर दिया। पकड़े गए वाहनों में एक ट्रैक्टर व दूसरा टीपर है। ओबरा वन प्रभाग के जुगैल रेंज में वन सुरक्षा दल की टीम चौरा नदी क्षेत्र पहुंची, जहां नदी में एक ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू लोडिंग किया जा रहा था। टीम को पास आते देख अवैध खनन कर्ता ट्रैक्टर छोड़कर भाग गये। वन सुरक्षा दल प्रभारी टीपी सिंह ने बताया कि अवैध बालू लोड पकडी टीपर के संबंध में सिंदुरिया जिला पंचायत बैरियर पर पता किया गया तो पड़ताल में जानकारी मिली कि एक ही आनलाइन परमिट पर टीपर चार बार बालू लोडकर गया है। वन सुरक्षा दल ने पकड़े गये टीपर को प्रभागीय वन परिसर लाकर खड़ा कर दिया। दोनों सीज कर दिया। उधर दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार ट्रैक्टर अवैध बालू परिवहन करते समय बुधवार की सुबह करीब नौ बजे दुद्धी म्योरपुर मार्ग के रामनगर में पकड़ा गया। उसका चालक फ़रार हो गया। तहसीलदार शशिभूषण मिश्रा ने पकड़े गए ट्रैक्टर को दुद्धी रेंज को सौंप दिया। वन विभाग ने उसे सीज कर दिया।