सोनभद्र। जिला अस्पताल में बुधवार को मनबढ़ों ने एक फार्मासिस्ट की पिटाई कर दी। रजिस्टर को फाड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने कामकाज ठप कर दिया। हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। कोतवाल सीपी पांडेय ने तीन हमलावरों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने का आश्वासन देकर नाराज कर्मियों को शांत कराया। बताते चले कि सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में स्थित होम्योपैथिक कक्ष में कुछ युवकों ने पहुंच कर एक फार्मासिस्ट को गाली देते हुए उसे मारने पीटने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उधर साथी के साथ विवाद होने की सूचना मिलते ही मौके पर अन्य कर्मियों ने पहुंच कर बीच-बचाव शुरू कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूूचना दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल ने स्वास्थ्यकर्मी के साथ मारपीट करने के आरोप में तीन को हिरासत में लेकर उन्हें कोतवाली भेज दिया। उधर हमलावरों के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर जिला होम्योपैथिक अधिकारी की अगुवाई में कर्मियों ने कामकाज ठप कर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हमलावरों ने आफिस में घुसकर रजिस्टर फाड़ने के साथ ही कर्मचारी को पीटा है। उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। कोतवाल ने पीड़ित कर्मी को मेडिकल कराने के लिए भेजने के साथ ही कार्यवाही का आश्वासन देकर शांत कराया। सीओ राहुल मिश्रा ने कहा कि पीड़ित कर्मी जो तहरीर देगा उसके आधार पर हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। उधर हमलावरों का आरोप था कि फार्मासिस्ट ने एक युवक को उनके घर की लड़की का मोबाइल नंबर देकर परेशान करवा रहा था। उसी के संबंध में पूछने के लिए गए थे।