घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के तेंदुहार गांव में बुधवार को भालू के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। भालू ने उसकी दाहिनी आंख निकाल ली। उसके सिर, चेहरे समेत कई जगहों पर गंभीर जख्म हो गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तेंदुहार निवासी अंगद कोल (35) बुधवार को दिन में करीब दो बजे घर से करीब एक किमी की दूरी पर जंगली इलाके में बकरी चरा रहा था। उसी दौरान अचानक झाड़ियों में से भालू निकला और अंगद पर हमला बोल दिया। भालू की चपेट में आने से अंगद अपने को छुड़ा नहीं सका और भालू उसे नोचने लगा। भालू ने जहां अंगद की दाहिनी आंख को निकालकर बाहर कर दिया, वहीं उसके मुंह तथा शरीर के कई भागों को गंभीर रूप से काट लिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मदद के लिए उसने शोर मचाया जहां कुछ दूरी पर चरवाहों ने पुकार सुनकर उसकी मदद के लिए दौड़ लगाई। अपनी ओर भीड़ आता हुआ देखकर भालू किसी प्रकार से उसे छोड़कर भागा। गंभीर रुप से जख्मी अंगद को किसी प्रकार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज कर रहे डॉ. राजेश सिंह और पीयूष दीक्षित ने बताया कि भालू के हमले में अंगद की दाई आंख निकलकर बाहर हो गई है और शरीर मे कई जगहों पर गंभीर जख्म हो गया है।