पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस ने आरपीएफ के साथ मिलकर मंगलवार की रात रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। इस मौके पर 23 किलो गांजा और चोरी के नौ मोबाइल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। चेकिंग के दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर जीआरपी ने उसके बैग की तलाशी ली तो नौ मोबाइल सेट मिले। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद फैजल खां निवासी नया भोजपुर, डूमराव बक्सर बिहार बताया। जीआरपी प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि फैजल ने स्वीकार किया है कि वह लंबे समय से यात्रियों का सामान चुरा रहा है। इसी तरह प्लेटफार्म संख्या एक पर लाइन शहीद बाबा की मजार के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ कर उसके बैग की तलाशी ली तो 23 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम अनुज राय निवासी अदलहाट, मिर्जापुर बताया। जीआरपी ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर दिल्ली सहित अन्य महानगरों में बेचता है।