सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार की रात मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से बाइक सवार व्यक्ति को पीट दिया। शोरशराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग गए। घायल राजकुमार ने चार हमलावरों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब आठ बजे राबट्र्सगंज की तरफ से बाइक सवार एक युवक सिंदुरी गांव की तरफ जा रहा था। अभी बाइक सवार रघुनाथपुर गांव के पास पहुंचा था कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे चार लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद सभी ने लाठी-डंडे से बाइक सवार को पीटने लगे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो पिटाई करने वाले घायल को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। रात में ही घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने सिंदुरी गांव निवासी राजकुमार मौर्य की पिटाई कर दिए थे। घटना मेें शामिल रघुनाथपुर निवासी अनिल को गिररफ्तार उसका मारपीट करने के आरोप मेें चालान कर दिया गया। फरार अन्य अभियुक्तों की खोजबीन की जा रही है।