सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के मेहुड़ी गांव केे समीप शनिवार को ग्रामीणों ने दो युवकों को चोरी के संदेह में बंधक बना लिया। कुछ लोगों ने युवकों की पिटाई भी कर दी। पुलिस ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए युवकों को मुक्त कराया। हिरासत में लिया गया एक युवक मिर्जापुर जिले का है। उधर, शुक्रवार की रात गश्त के दौरान राबर्ट्सगंज नगर में कोतवाल ने संदिग्ध दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
दोपहर करीब पौने 12 बजे मेहुड़ी नहर के समीप कुछ लोगों ने खड़े संदिग्ध दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। संदेह होने पर लोगों ने पकड़ कर पूछताछ की, इस दौरान विवाद होने पर लोगों ने युवकों की पिटाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान हिरासत में लिए गए युवक चोरी समेत अन्य घटनाओं में शामिल होंगे तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।