सोनभद्र। कोतवाली पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ गैर इरादतन समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर मृत विवाहिता संगीता की मां सुधा की तहरीर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज निवासी वादिनी सुधा श्रीवास्तव का कहना है कि वर्ष 2000 में अपनी बेटी संगीता की शादी राबर्ट्सगंज निवासी अरुण श्रीवास्तव के साथ की थी। वर्ष 2012 में बिजली करंट से अरुण की मौत हो गई। मौत के दो वर्ष बाद फरवरी 2014 में हिंदू-रीति रिवाज से अरूण के भाई प्रवीण श्रीवास्तव के साथ संगीता की शादी हुई। शादी के पति ससुरालियों ने दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। इसकी सूचना वर्ष 2017 में महिला थाने में दी और रिश्तेदारों ने भी उन्हें समझाया, लेकिन वे नहीं मानें। वादिनी का आरोप है कि सात नवंबर 2017 को मेरी बेटी संगीता को मारपीट कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया और उसी दिन उपचार के दौरान मौत हो गई। ससुरालियों ने बेटी की मौत की सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ अभिषेक सिंह ने कहा कि पति प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, सास सुशीला, पुष्पलता और गौतम श्रीवास्तव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर किया गया है।