सोनभद्र। महिला सिपाही ने सोमवार की रात राबर्ट्सगंज कोतवाली में अपने ही विभाग के पुलिस कर्मी राधेश्याम के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। उसका आरोप है कि सिपाही उसे ओझाई कराने के नाम पर वाराणसी ले गया था। वहां से लौटते वक्त करमा थाने में अपने सरकारी आवास में ले गया और रात में उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला संज्ञान में आने पर एसपी आरपी सिंह ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया।
महिला थाने में तैनात पीड़ित महिला सिपाही में तहरीर में लिखा है कि शादी के बाद से वह बीमार चल रही है। इसके लिए दवा और ओझाई करवा रही थी, फिर भी उसे आराम नहीं मिला। महिला थाने में ही 12 अगस्त को उसकी मुलाकात करमा थाने में तैनात सिपाही राधेश्याम से हुई। उसने अपनी समस्या राधेश्याम को बताई तो उसने कहा कि वाराणसी में मेरे एक रिश्तेदार ओझाई करते हैं। उसने मोबाइल से अपने रिश्तेदार से वार्ता भी की। इसके बाद सिपाही ने बताया कि आपको ठीक होने के लिए पूजा कराना होगा। पूजा में 85 हजार खर्च होंगे। इसके बाद वह 85 हजार लेकर उसके साथ वाहन से वाराणसी गई। वहां से लौटने पर राधेश्याम ने करमा थाने में अपने सरकारी आवास पर ले जाकर कमरे में बंद कर दुष्कर्म किया। उससे 85 हजार रुपये भी छीन लिया। इसके बाद मुंह खोलने पर अश्लील फोटो, वीडियो व्हाटस एप एवं फेसबुक पर डालने की धमकी देने लगा। सोमवार को पीड़िता ने एसपी को जानकारी दी। इस संबंध में सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि करमा थाने में तैनात कांस्टेबल राधेश्याम के खिलाफ बलात्कार, गबन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी खोजबीन की जा रही है।