सोनभद्र। मांची थाना क्षेत्र के पथरकुआ गांव में सोमवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक ने अवैध असलहे से महेश(30) को निशाना बनाकर गोली चला दी। महेश के हाथ और पीठ में गोली के छर्रे लगे हैं। उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले जीतन के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
घटना सुबह आठ बजे की। विवादित भूमि पर अवैध कब्जा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। इस दौरान जितन ने अवैध असलहा से दूसरे पक्ष के युवक के ऊपर गोली चला दी। संयोग रहा कि गोली महेश के दाहिने हाथ को छेदती हुई आगे निकल गई। गोली की आवाज सुन मौके पर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। घरवाले युवक को घायलवस्था में लेकर थाने पहुंचे। यहां से पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी ले गई। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने युवक को रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महेश ने बताया कि उसी के गांव का जितन ने गोली चलाई है। विपक्षी उसकी काश्त की भूमि पर कब्जा करना चाहता है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि घायल की हालत खतरे से बाहर है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी पथरकुआ गांव के जितन के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जितन ने जंगली जानवरों को मारने वाली बंदूक से महेश को गोली मारी है।